फ़ॉलोअर

रविवार, दिसंबर 22, 2013

आज़मगढ़ की गलियों से ओबामा की दोस्ती तक

बराक ओबामा के कई भारतीय मित्र हैं और इन्ही में से एक नाम है आजमगढ़ के फ्रैंक इस्लाम का. जो अब अमरीका के हो गए हैं.
फ्रैंक इस्लाम अमरीका में बसने वाली पहली पीढ़ी से हैं और ओबामा के करीबी मित्र भी हैं. लेकिन सिर्फ इतने भर से ही उनका परिचय खत्म नहीं होता.
फ्रैंक अमरीका में रहने वाले भारतीयों के बीच भी खासे चर्चित और प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं जिनका नाम मिसाल के तौर लिया जाता है.
वो अमरीका में एक सॉफ्टवेयर कंपनी चलाते हैं और करोड़ों डॉलर के मालिक और बड़े निवेशकों में से एक हैं.
वैसे, फ्रैंक अमरीका में जितने जाने जाते हैं उतने ही अपने आजमगढ़ में भी.
उनका जब भी भारत आना होता है वो आजमगढ़ की निजी संस्थाओं को मोटी रकम देकर जाते हैं.

छोटा समुदाय,बड़ा चंदा

चार साल पहले हुए राष्ट्रपति चुनाव में 30 लाख भारतीयों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और 84 प्रतिशत भारतीयों की पसंद ओबामा थे.
अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस चुनाव में भारतीयों का रुख क्या होगा.
फ्रैंक कहते हैं, "हमें विश्वास है कि इस बार भी बराक ओबामा को दोबारा जिताने में भारतीय और पाकिस्तानी समुदाय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
ओबामा को वर्जीनिया राज्य से सबसे अधिक चंदा देने वालों में एक नाम फ्रैंक का भी है. फ्रैंक के लिए ओबामा की जीत काफी मायने रखते हैं. फ्रैंक कहते हैं, "मैं बराक ओबामा की चुनावी मुहिम में काफी फंड देता हूँ."

मिशेल की दोस्त

"
फ्रैंक इस्लाम को अमरीका मे रहते हुए 35 साल हो गए हैं. वो अमरीका पढ़ाई करने आए थे और बस यहीं के होकर रह गए.
उनकी पत्नी देबी और उनका 30 सालों का साथ है. व्हाइट हाउस में बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा के साथ अपनी तस्वीर गर्व से दिखाते हुए वो कहते हैं, "वो देखिए सुनहरे बालों वाली मेरी पत्नी राष्ट्रपति के बगल में खड़ी हैं"

प्रभावशाली भारतीय तबका

अमरीका में भारतीय समुदाय छोटा ज़रूर है लेकिन काफी प्रभावशाली है. अमरीका में एक आदमी की औसतन आय सलाना 49 हज़ार डॉलर है लेकिन भारतीयों की सलाना औसत कमाई 88 हज़ार डॉलर है.
फ्रैंक इस्लाम उन लोगों में से हैं जिनके पास पैसे भी हैं और राजनीतिक कनेक्शन भी. वो कहते हैं,"जब भी कोई बड़ी पार्टी होती है तो राष्ट्रपति ओबामा हमें ज़रूर बुलाते हैं".
वो भारतीय समुदाय और राष्ट्रपति के बीच एक कड़ी का काम करते हैं. वो कहते हैं कि उनका काम भारतीयों की तकलीफों और शिकायतों को राष्ट्रपति तक पहुंचाना भी है.
अपने आलीशान दफ्तर में बैठ कर फ्रैंक इस्लाम कहते हैं कि ओबामा की जीत अनिवार्य हैं और उन्हें पता है कि ओबामा लोगों के बीच अब भी लोकप्रिय हैं.

मंगलवार, दिसंबर 17, 2013

भारतीय दलित साहित्य अकादमी द्वारा कृष्ण कुमार यादव का सम्मान

एक और सम्मान …… भारतीय दलित साहित्य अकादमी ने इलाहाबाद परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएँ एवं युवा साहित्यकार श्री कृष्ण कुमार यादव को दिल्ली में 12-13 दिसम्बर, 2013 को आयोजित 29वें राष्ट्रीय दलित साहित्यकार सम्मेलन में सामाजिक समरसता सम्बन्धी लेखन, विशिष्ट कृतित्व एवं समृद्ध साहित्य-साधना और सामाजिक कार्यों में रचनात्मक योगदान हेतु ‘’भगवान बुद्ध राष्ट्रीय फेलोशिप सम्मान-2013‘‘ से सम्मानित किया। इससे पूर्व श्री यादव को विभिन्न प्रतिष्ठित साहित्यिक-सामाजिक संस्थानों द्वारा विशिष्ट कृतित्व, रचनाधर्मिता और प्रशासन के साथ-साथ सतत् साहित्य सृजनशीलता हेतु 50 से ज्यादा सम्मान और मानद उपाधियाँ प्राप्त हैं। 

गौरतलब है कि आज़मगढ़ से निकली तमाम शख्शियतें देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी शोहरत की पताका फहरा रही हैं. इन्हीं में एक नाम उभरकर सामने आता है कृष्ण कुमार यादव का. सरकारी सेवा में उच्च पदस्थ अधिकारी होने के साथ-साथ साहित्य, लेखन, ब्लागिंग व सोशल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय 36 वर्षीय श्री कृष्ण कुमार यादव की अब तक कुल 6 पुस्तकें- ”अभिलाषा” (काव्य संग्रह), ”अभिव्यक्तियों के बहाने” व ”अनुभूतियाँ और विमर्श” (निबंध संग्रह), इण्डिया पोस्ट: 150 ग्लोरियस ईयर्ज (2006) एवं ”क्रांतियज्ञ: 1857-1947 की गाथा” (2007), ”जंगल में क्रिकेट” (बालगीत संग्रह) प्रकाशित हैं। इनकी रचनाधर्मिता को देश-विदेश की प्रायः अधिकतर प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं, इंटरनेट पर वेब पत्रिकाओं व ब्लॉग पर निरंतर देखा-पढा जा सकता हैं। 

शनिवार, दिसंबर 14, 2013

आकांक्षा यादव ‘’भगवान बुद्ध राष्ट्रीय फेलोशिप सम्मान-2013‘‘ से सम्मानित

आज़मगढ़ से निकली तमाम शख्शियतें देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी शोहरत की पताका फहरा रही हैं. इन्हीं में एक नाम उभरकर सामने आता है अपनी रचनाओं में नारी सशक्तीकरण  की  अलख जगाने वाली  युवा कवयित्री, साहित्यकार एवं अग्रणी महिला  ब्लागर आकांक्षा यादव का, जिन्हें दिल्ली में 12-13 दिसम्बर, 2013 को आयोजित 29वें राष्ट्रीय दलित साहित्यकार सम्मेलन में सामाजिक समरसता सम्बन्धी लेखन, विशिष्ट कृतित्व एवं समृद्ध साहित्य-साधना और सामाजिक कार्यों में रचनात्मक योगदान हेतु भारतीय दलित साहित्य अकादमी ने ‘’भगवान बुद्ध राष्ट्रीय फेलोशिप सम्मान-2013‘‘ से सम्मानित किया। आकांक्षा यादव को इससे पूर्व विभिन्न प्रतिष्ठित साहित्यिक-सामाजिक संस्थानों द्वारा विशिष्ट कृतित्व, रचनाधर्मिता और प्रशासन के साथ-साथ सतत् साहित्य सृजनशीलता हेतु दर्जनाधिक  सम्मान और मानद उपाधियाँ प्राप्त हैं। 

गौरतलब है कि नारी विमर्श, बाल विमर्श एवं सामाजिक सरोकारों सम्बन्धी विमर्श में विशेष रूचि रखने वाली आकांक्षा यादव साहित्य, लेखन, ब्लागिंग व सोशल मीडिया के क्षेत्र में एक लम्बे समय से सक्रिय हैं। देश-विदेश की प्रायः अधिकतर प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं और इंटरनेट पर वेब पत्रिकाओं व ब्लॉग पर आकांक्षा यादव की विभिन्न विधाओं में रचनाएँ निरंतर प्रकाशित होती रहती है। आकांक्षा यादव की 2 कृतियाँ ”चाँद पर पानी” (बालगीत संग्रह) एवं ”क्रांतियज्ञ: 1857-1947 की गाथा” प्रकाशित हैं।

भारतीय दलित साहित्य अकादमी की स्थापनावर्ष 1984 में बाबू जगजीवन राम द्वारा दलित साहित्य के संवर्धन  और प्रोत्साहन हेतु  की गयी थी। 

रविवार, नवंबर 03, 2013

हे दीप मालिके तेरा स्वागत



हे दीप मालिके तेरा स्वागत,

अभिनंदन

तेरी आगवानी में बिछी पलकें ,

तेरा वंदन।

अपनी जहाँ में बरसे खुशियाँ

हर घर आंगन,

दीनता हो कोसो दूर,

हर दिल बसे स्वर्णिम सद्भावना ,

जातिवाद अब ना

समता की उपजे हर दिल सदभावना ,

दुनिया जाने

जातिवाद कुचला है मनोकामना,

दीप मालिके मिट जाए

अपनी जहां से हर तम,

अपनी जहॉ में दीप मालिके,

तेरा आना मंगलमय हो 
,
तेरा अभिनंदन दीप मालिके

पूरी होवे मनोकामना।


- डा . नन्दलाल भारती -

बुधवार, अक्तूबर 16, 2013

18 अक्टूबर से आरंभ होगा द्वितीय आजमगढ़ फिल्मोत्सव

आजमगढ़ : अंधविश्वास के खिलाफ खुद की आहुति देने वाले डा. नरेंद्र दाभोलकर एवं फिल्मों में प्रतिरोध का स्वर मुखर करने वाले बलराज साहनी को समर्पित दूसरा आजमगढ़ फिल्मोत्सव 18 अक्टूबर को कलेक्ट्री कचहरी स्थित नेहरू हाल में शुरू होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन दोपहर दो बजे प्रसिद्ध चित्रकार एवं कला विशेषज्ञ अशोक भौमिक करेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में जन संस्कृति मंच के महासचिव प्रणय कृष्ण एवं फिल्मकारों के समूह छह ग्रुप के राष्ट्रीय संयोजक संजय जोशी सहित कई फिल्मी व साहित्यिक हस्तियां शामिल होंगी।
यह जानकारी संयोजक डा. विनय सिंह यादव व आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय बहादुर राय ने दी है। उन्होंने बताया कि प्रतिरोध का सिनेमा के अंतर्गत होने वाले इस 34वें आयोजन के पहले दिन बलराज साहनी अभिनीत फिल्म 'गरम हवा' का प्रदर्शन होगा। दूसरे दिन यूसुफ सईद और नकुल साहनी की फिल्मों का प्रदर्शन उनकी उपस्थिति में होगा। उसके बाद दोनों फिल्मकार दर्शकों से रूबरू होकर उनके सवालों का जवाब देंगे। फिल्मोत्सव का तीसरा दिन बच्चों को समर्पित होगा। इसमें सुबह साढ़े नौ बजे बच्चे अपनी पसंद का चित्र बनाएंगे। इसके लिए सामग्री फिल्म महोत्सव समिति उपलब्ध कराएगी। बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों का प्रदर्शन आयोजन स्थल पर किया जाएगा। इसके बाद संजय मट्ट की 'किस्से और कहानियां', बाल फिल्म 'गट्टू' एवं शार्ट फिल्म 'स्टोरी ऑफ स्टफ' का प्रदर्शन किया जाएगा। तीसरे दिन उत्तराखंड में आई आपदा का जिक्र किया जाएगा। इसमें इंद्रेस मैखुरी, मदन चमोली, अतुल सती दर्शकों से रूबरू होंगे। कार्यक्रम का समापन रविवार को सायं सवा सात बजे डा. निशा सिंह यादव द्वारा सितार वादन की प्रस्तुति के साथ होगा।

बुधवार, सितंबर 04, 2013

आज़मगढ़ के ब्लागर दम्पति को नेपाल में मिलेगा ”परिकल्पना साहित्य व ब्लॉग विभूषण सम्मान”


हिंदी ब्लॉगिंग के माध्यम से समाज और साहित्य के बीच सेतु निर्माण के निमित्त चर्चित  ब्लागर एवं इलाहाबाद परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएँ कृष्ण कुमार यादव और उनकी पत्नी आकांक्षा यादव को क्रमशः ”परिकल्पना साहित्य सम्मान” व  ”परिकल्पना ब्लॉग विभूषण सम्मान” के लिए चुना गया है। यह सम्मान 13-14 सितंबर 2013 को नेपाल की राजधानी काठमाण्डू के राजभवन में आयोजित ‘अंतर्राष्ट्रीय ब्लॉगर सम्मेलन‘ में प्रदान किया जायेगा। इन सम्मान के अंतर्गत स्मृति चिन्ह, सम्मान पत्र, श्री फल, पुस्तकें अंगवस्त्र और एक निश्चित धनराशि प्रदान किए जाएंगे।

     गौरतलब है कि मूलत: आजमगढ़ वासी यादव दंपति एक लम्बे समय से साहित्य और ब्लागिंग से अनवरत जुडे़ हुए हैं। अभी पिछले वर्ष ही इन दम्पति को उ.प्र. के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा न्यू मीडिया ब्लागिंग हेतु ”अवध सम्मान” और हिन्दी ब्लागिंग के दस साल पूरे होने पर ”दशक के श्रेष्ठ हिन्दी ब्लागर दम्पति” सम्मान से भी नवाजा गया था। कृष्ण कुमार यादव जहाँ “शब्द-सृजन की ओर“ (www.kkyadav.blogspot.com/) और “डाकिया डाक लाया“ (www.dakbabu.blogspot.com/) ब्लॉग के माध्यम से सक्रिय हैं, वहीं आकांक्षा यादव “शब्द-शिखर“ (www.shabdshikhar.blogspot.com/) ब्लॉग के माध्यम से। इसके अलावा इस दंपत्ति द्वारा सप्तरंगी प्रेम, बाल-दुनिया और उत्सव के रंग ब्लॉगों का भी युगल संचालन किया जाता है। कृष्ण कुमार-आकांक्षा यादव ने वर्ष 2008 में ब्लॉग जगत में कदम रखा और 5 साल के भीतर ही विभिन्न विषयों पर आधारित दसियों ब्लॉग  का संचालन-सम्पादन करके कई लोगों को ब्लागिंग की तरफ प्रवृत्त किया और अपनी साहित्यिक रचनाधर्मिता के साथ-साथ ब्लागिंग को भी नये आयाम दिये। कृष्ण कुमार यादव के ब्लॉग सामयिक विषयों, मर्मस्पर्शी कविताओं व जानकारीपरक, शोधपूर्ण आलेखों से परिपूर्ण है; वहीं नारी विमर्श, बाल विमर्श एवं सामाजिक सरोकारों सम्बन्धी विमर्श में विशेष रुचि रखने वाली आकांक्षा यादव अग्रणी महिला ब्लॉगर हैं और इनकी रचनाओं में नारी-सशक्तीकरण बखूबी झलकता है। गौरतलब है कि इस ब्लागर दम्पति की सुपुत्री अक्षिता (पाखी) को ब्लागिंग हेतु 'पाखी की दुनिया' (www.pakhi-akshita.blogspot.com/) ब्लॉग के लिए सबसे कम उम्र में 'राष्ट्रीय बाल  पुरस्कार' प्राप्त हो चुका है। अक्षिता को परिकल्पना समूह द्वारा श्रेष्ठ नन्ही ब्लागर के ख़िताब से भी सम्मानित किया जा चुका है। 

    लगभग समान अभिरुचियों से युक्त इस दंपति की विभिन्न विधाओं में रचनाएँ देश-विदेश की प्रायः अधिकतर प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं और इंटरनेट पर वेब पत्रिकाओं व ब्लॉग पर निरंतर प्रकाशित होती रहती है। कृष्ण कुमार यादव की 6 कृतियाँ ”अभिलाषा” (काव्य संग्रह), ”अभिव्यक्तियों के बहाने” व ”अनुभूतियाँ और विमर्श” (निबंध संग्रह), इण्डिया पोस्ट: 150 ग्लोरियस ईयर्ज (2006) एवं ”क्रांतियज्ञ: 1857-1947 की गाथा” (2007), ”जंगल में क्रिकेट” (बालगीत संग्रह) प्रकाशित हैं, वहीं आकांक्षा यादव की एक मौलिक कृति ”चाँद पर पानी” (बालगीत संग्रह) प्रकाशित है।

मंगलवार, मई 28, 2013

आजमगढ़ के संतोष यादव बीएड प्रवेश परीक्षा में प्रदेश में अव्वल


सफलता जिन्दगी में काफी मायने रखती है और विशेषकर तब जब उसके साथ कैरियर भी जुड़ा  हो . आजमगढ़ के निवासी और  बीएड प्रवेश परीक्षा में प्रदेश में अव्वल संतोष यादव इस सफलता से गदगद है। 

संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में 301 अंक पाकर उन्होंने  पूरे प्रदेश में सर्वोच्च स्थान पाकर  जिले का मान बढ़ाया है। हालांकि एक बारगी उन्हें विश्वास नहीं हुआ कि इतनी बड़ी कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास व परिश्रम के बूते उन्हें यह सफलता हासिल हुई है। 

वह सिविल सर्विस में जाना चाहते हैं। इसके लिए जी जान से तैयारी कर रहे हैं। कामयाबी का श्रेय उन्होंने माता-पिता, मित्रों व गुरुजनों को दिया। आज वह जो भी हैं उन्हीं के मार्गदर्शन व आशीर्वाद का परिणाम है।
आजमगढ़ के फूलपुर क्षेत्र के ससना गांव निवासी संतोष के पिता कोमल प्रसाद यादव गुजरात स्थित एक स्टील कंपनी में कार्यरत हैं जबकि मां श्रेया देवी गृहिणी हैं। वह दो भाइयों में सबसे बड़े हैं। छोटे भाई मनोज ने इंटर फाइनल की परीक्षा दी है।

 संतोष की प्राथमिक शिक्षा गांव के ही विद्यालय में हुई। उन्होंने हाईस्कूल में 78 व इंटरमीडिएट में भी 70 फीसद अंक प्राप्त किए थे। वर्ष 2011 में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बीए किया। इस वर्ष एमए फाइनल की परीक्षा दे चुके हैं। इसके अलावा हिन्दी में यूजीसी नेट भी क्वालीफाई किया है।

 उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए टिप्स देते हुए बताया कि लक्ष्य के साथ आत्मविश्वास ही कामयाबी की रीढ़ है। किसी भी विषय की पढ़ाई पूरे मनोयोग से करनी चाहिए।

शनिवार, मई 25, 2013

पुण्य तिथि पर याद किये गए चंद्रजीत यादव




आजमगढ़: पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. चंद्रजीत यादव की पांचवी पुण्यतिथि पर शुक्रवार, 24 मई 2013 को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। नेहरू हाल के सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि चंद्रजीत यादव सच्चे राष्ट्रभक्त थे। सिद्धांत के पक्के थे। उनके विचार सदैव प्रासंगिक रहेंगे। श्री यादव ने कहा कि पिछड़ों व दलितों को उनका अधिकार दिलाने के लिए चंद्रजीत यादव आजीवन संघर्ष किया। आज यह देश किधर जा रहा है इस पर सोचने की जरूरत है। आजादी के बाद देश की जो दशा है उस पर यदि नजर दौड़ाई जाय तो यह कहा जा सकता है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताए हुए पद चिन्हों पर नहीं चलने के कारण समाज की दुर्गति हो रही है। 

विधायक आलमबदी ने कहा कि चंद्रजीत यादव ने प्रतिभा के धनी थे। पूर्व सांसद बलिहारी बाबू व रामकृष्ण यादव ने कहा कि चंद्रजीत यादव ने देश ही नहीं विदेशों में भी इस जनपद की अलग पहचान बनाई। रामअचल यादव ने कहा कि चंद्रजीत यादव ने सामाजिक न्याय आंदोलन को खड़ा कर यह बता दिया कि उनके दिल में समाज के प्रति कितना लगाव था। 

कार्यक्रम में सर्वप्रथम स्व. श्री यादव की धर्मपत्‍‌नी आशा यादव ने स्व. श्री यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। इस अवसर पर जय प्रकाश नारायण, इम्तेयाज बेग, बनवारी लाल जालान, मोती राम यादव, सच्चिदानंद राय, चुन्नन राय, राजकुमार पांडेय, जवाहर सैनी, नरेंद्र सिंह, कैलाश यादव, वसीउद्दीन, संतोष यादव, अशोक यादव, रामजनम यादव, उमा यादव, विजय बहादुर यादव आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता विजय बहादुर राय व संचालन वैभव वर्मा ने किया।

(चित्र में : स्व . चंद्रजीत यादव जी की फाइल फोटो)


सोमवार, मार्च 18, 2013

क्रिकेट में दिखा आजमगढ़ कनेक्शन

सरफराज खान उस वक्त आजमगढ़ के अपने गांव बासूपार में थे. वहीं उन्होंने सुना कि मुंबई के हैरिस शील्ड अंडर-16 टूर्नामेंट में अरमान जाफर ने 473 रन बनाकर उनका 439 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मुंबर्ई में रहने वाले अपने क्रिकेट कोच पिता नौशाद के साथ सरफराज आजमगढ़ गए थे. आजमगढ़ में छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को ढूंढ़ निकालने और उन्हें मुंबई में मौका देने का श्रेय नौशाद को ही जाता है.
 
नौशाद उत्तर प्रदेश के कस्बेनुमा शहर आजमगढ़ की एक ऐसी कड़ी हैं जो प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को मुंबर्ई पहुंचाते रहते हैं. क्रिकेट की दुनिया में नाम कमाने की चाहत रखने वाले युवाओं के लिए क्रिकेट की राजधानी मुंबई में वे खुद भी किसी अहम मुकाम से कम नहीं हैं. लेफ्ट आर्म स्पिनर इकबाल अब्दुल्ला घरेलू टूर्नामेंटों में मुंबई की ओर से खेलते हैं और आइपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से. नौशाद के चुने हुए कामयाब खिलाडिय़ों की जमात की उम्दा मिसाल हैं अब्दुल्ला.

आजमगढ़ के दूसरे खिलाड़ी हैं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कामरान खान. उन्होंने आइपीएल 2009 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए अहम छाप छोड़ी थी. पर तभी गेंद फेंकने के उनके अंदाज पर सवाल उठ खड़े हुए. नोमान खान भी आजमगढ़ के सरायमीर के तेज गेंदबाज हैं, जिन्हें आइपीएल में कुछ सीरीज पहले मुंबई इंडियंस ने अपने लिए अनुबंधित किया था. वे भी नौशाद के ही ढूंढ़े हुए सितारे हैं.

पूर्व क्रिकेटर और अब कोच नौशाद अपने इस काम के बारे में बताते हैं, “मैं हर साल बासूपुर गांव (आजमगढ़ शहर से कुछ किलोमीटर दूर) जाता हूं. लेकिन घर में मैं कम ही रह पाता हूं. घर तो मैं सिर्फ रात में सोने के लिए ही आता हूं. मैं सरफराज के साथ अभ्यास सत्र आयोजित करता रहता हूं और प्रतिभावान बच्चों को ढूंढ़ता रहता हूं.” इंडिया टुडे से बातचीत के दौरान वे खिलाडिय़ों को प्रेरित करने की अपनी शैली के बारे में बताते हैं, “मैं कुछ मशहूर शायरों के शेर उन नौजवानों को सुनाता हूं. जैसे यही कि एक पत्थर की भी तक़दीर बदल सकती है, शर्त ये है के सलीक़े से तराशा जाए.

अरमान जहां पढ़ रहे हैं, उस रिजवी स्प्रिंगफील्ड स्कूल के कोच राजू पाठक भी उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले की हर्रैया तहसील के हैं. वे बताते हैं कि मुंबई में जो गैर-मराठी बच्चे क्रिकेट खेलने आते हैं, उनका महाराष्ट्र के इस राजधानी शहर में कोई न कोई संपर्क जरूर रहता है. इनमें से कई तो स्प्रिंगफील्ड स्कूल के हॉस्टल में रहते हैं. हम प्रतिभाशाली बच्चों से कोई फीस नहीं लेते. ऊपर से उन्हें क्रिकेट की किट वगैरह भी देते हैं.” यह स्कूल एक ऐसी जगह है जहां क्रिकेट में प्रतिभा रखने वाले बच्चों को उत्साह और आश्रय मिलता है.

लेकिन मुंबर्ई के बाहर से आने वाले और स्थानीय प्रतिभाओं को चुनौती देने वालों के लिए कई बार राह आसान नहीं होती है. मुंबर्ई क्रिकेट एसोसिएशन के एक अधिकारी सचाई बयान करते हैं, “मुंबई वाला भी सैकड़ा मारता है और मुंबर्ई के बाहर वाला भी 100 रन बनाता है तो उसे कोई फायदा नहीं होने का. बाहर से आए खिलाड़ी को नजर में आने के लिए 150-200 रन बनाने होंगे. मुंबर्ई में आकर क्रिकेट में किस्मत आजमाने वालों के लिए थोड़ा भेदभाव तो है.”

सौजन्‍य: इंडिया टुडे

मंगलवार, मार्च 05, 2013

प्रिंट मीडिया ने हाथों-हाथ लिया ‘आजमगढ़ डाक टिकट प्रदर्शनी’ को

आजमगढ़ में हुई द्वितीय मण्डल स्तरीय आजमगढ़ डाक टिकट प्रदर्शनी आजमपेक्स-2013’ को अख़बारों ने हाथों-हाथ लिया। एक तो नौ साल बाद ऐसी प्रदर्शनी, आजमगढ़ से जुड़ी दो महान साहित्यिक विभूतियों पर विशेष डाक आवरण का जारी होना, पूर्वञ्चल में पहली बार माई स्टैम्प सेवा का आरंभ होना, बहुत कुछ इस प्रदर्शनी में था। विभिन्न अख़बारों में प्रकाशित समाचारों को क्लिक करके पढ़ सकते हैं-

 





 


 



 

 

सोमवार, मार्च 04, 2013

साहित्यिक रूप से उर्वरा रही है आजमगढ़ की धरती – कृष्ण कुमार यादव




द्वितीय मण्डल स्तरीय आजमगढ़ डाक टिकट प्रदर्शनी आजमपेक्स-2013’ का समापन वेस्ली इंटर कॉलेज आजमगढ़ में आयोजित भव्य समारोह में 3 मार्च को किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद व गोरखपुर परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने दूसरे दिन के कार्यक्रम का उदघाटन किया। श्री यादव ने इस अवसर पर वीर रस के कवि श्याम नारायण पाण्डेय (वर्ष 1907 में ग्राम डुमराव, जिला- आजमगढ़, संप्रति मऊ जनपद में जन्म।) पर विशेष डाक आवरण एवं विरूपण का विमोचन किया। आवरण जारी करने के साथ साथ मुख्य अतिथि श्री यादव ने रिमोट द्वारा इस विशेष आवरण के ब्लो-अप का भी अनावरण किया।

वीर-रस के कवि श्याम नारायण पाण्डेय (1907 - 1991) पर जारी विशेष आवरण व विरूपण का विमोचन करते हुए निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि श्याम नारायण पाण्डेय वीर रस के सुविख्यात हिन्दी कवि थे। आप केवल कवि ही नहीं अपितु अपनी ओजस्वी वाणी में वीर रस के अनन्यतम प्रस्तोता भी थे । देश-प्रेम और अपने संस्कृति के प्रति अनुराग ही श्याम नारायण पाण्डेय जी को वीर रस के प्रति आकर्षित करता था। तभी तो उन्होने हल्दीघाटीजौहर जैसे उत्कृष्ट महाकाव्य रचे, जिनमें हल्दीघाटी (काव्य) सर्वाधिक लोकप्रिय और जौहर(काव्य) विशेष चर्चित हुए। हल्दीघाटी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जीवन और जौहर में चित्तौड की रानी पद्मिनी के आख्यान हैं। हल्दीघाटी के नाम से विख्यात राजस्थान की इस ऐतिहासिक वीर भूमि के लोकप्रिय नाम पर लिखे गये हल्दीघाटी महाकाव्य पर आपको उस समय का सर्वश्रेष्ठ सम्मान देव पुरस्कार प्राप्त हुआ था। श्री यादव ने कहा कि उन्होने आजीवन निश्चल भाव से साहित्य सृजन किया ।

अपने उदबोधन में निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि आजमगढ़ की धरती सदैव से ही साहित्यिक-सांस्कृतिक रूप से उर्वर रही है। यह धरा महान विभूतियों की जन्मस्थली-कर्मस्थली रही है, जिन्होने आजमगढ़ का नाम दुनियाभर में फैलाया। ऐसी विभूतियों की स्मृतियों को सहेज कर रखना एवं युवा पीढ़ी को उनके बारे में बताना हमारा कर्तव्य है। डाक विभाग ऐसी विभूतियों पर समय-समय पर डाक टिकट व विशेष आवरण (लिफाफा) जारी कर समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने सामाजिक दायित्यों का निर्वहन करता है। श्री यादव ने कहा कि आजमगढ़ की विरासत, स्थापत्य, विभूतियों एवं यहाँ से जुड़े अन्य पहलुओं पर डाक-टिकट एवं विशेष आवरण जारी किए जाने को प्रस्ताव यदि प्राप्त होते हैं तो उन्हे बेहद खुशी होगी।

प्रवर डाक अधीक्षक श्री वाई एन द्विवेदी ने कहा कि एक लंबे अंतराल पश्चात आजमगढ़ में इस प्रकार का आयोजन कर बेहद खुशी हो रही है और जिस तरह से यंहा के लोगों ने प्रदर्शनी को हाथों हाथ लिया है, वह हमारे लिए उत्साहजनक है। इस अवसर पर डा0 शारदा सिंह, पूर्व प्राचार्य, डा0 डी पी, पूर्व प्राचार्य ने भी अपने उद्गार व्यक्त किए।

मुख्य अतिथि निदेशक डाक सेवाएँ श्री कृष्ण कुमार यादव ने समापन समारोह में डाक टिकट प्रदर्शनी में विभिन्न ग्रुपों,चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रश्नोतरी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वालों को पुरस्कृत किया। अंतिम दिन होने के चलते माई स्टैम्प के प्रति लोगों का काफी उत्साह दिखा और काफी लोगों ने अपनी फोटो डाक टिकटों पर अंकित कराई।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत प्रवर डाक अधीक्षक आजमगढ़ श्री वाई एन द्विवेदी एवं आभार ज्ञापन सहायक निदेशक त्रिवेणी प्रसाद ने किया। कार्यक्रम का संचालन एस एन मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सीनियर पोस्टमास्टर जी एन प्रसाद, राजेश यादव,जे एम सिन्हा,अनवर जमाल,कमलनाथ यादव,दिलशेर यादव,आर एस सोनकर,डी बी त्रिपाठी,सरदार सिंह यादव सहित तमाम डाक विभाग के अधिकारी, फिलेटिलिस्ट, साहित्यकार एवं शिक्षाविद इत्यादि उपस्थित थे।

(अमर उजाला, 4 मार्च 2013 में प्रकाशित विस्तृत ख़बर)


(दैनिक जागरण, 4 मार्च 2013 में प्रकाशित विस्तृत ख़बर)


रविवार, मार्च 03, 2013

‘माई स्टैम्प’ के तहत आजमगढ़ के लोग अपने को डाक-टिकट पर देखकर प्रफुल्लित

डाक विभाग द्वारा दो दिवसीय आजमगढ़ डाक टिकट प्रदर्शनी” (आजमपेक्स-2013, 2-3 मार्च 2013) के दौरान डाक विभाग की बहुचर्चित ' माई स्टैम्प' सेवा का भी शुभांरभ किया गया। इसके तहत चीफ पोस्टमास्टर जनरल, कर्नल कमलेश चन्द्र एवं निदेशक डाक सेवाएँ कृष्ण कुमार यादव सहित तमाम लोगों ने अपनी फोटो डाक टिकटों पर अंकित करायी।

आजमपेक्स-2013 के दौरान माई स्टैम्प सेवा 16 डाक-टिकटों के साथ उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें सिनेरेरिया, डहलिया, लिली और पैन्सी फूलों वाले डाक-टिकट के अलावा 12 राशियों के डाक टिकट शामिल हैं। जहाँ बड़े लोगों में अपनी राशि के साथ डाक.टिकट का क्रेज रहाए वहीँ बच्चों ने रंग.बिरंगे फूलों वाले डाक.टिकटों के साथ अपनी फोटो वाली डाक.टिकटें बनवाईं। कई लोगों ने इस सु.अवसर का भरपूर फायदा उठाया और अपने पूरे परिवार को ही माई स्टैम्प के तहत डाक.टिकटों पर ला दिया। युवाओं में इसके तहत काफी उत्साह देखा गया।

निदेशक कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि माई स्टैम्प के तहत अपनी तस्वीर वाले डाक-टिकट लगे पत्र देश भर में कहीं भी भेजे जा सकते हैं। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए एक फार्म भरकर उसके साथ अपनी फोटो और 300 /-जमा करने होते हैं। एक शीट में कुल 12 डाक-टिकटों के साथ फोटो लगाई जा सकती है।

           (जनसंदेश टाइम्स, 2 मार्च 2013 में प्रकाशित विस्तृत ख़बर)
 
        (हिंदुस्तान, 3 मार्च 2013 में प्रकाशित विस्तृत ख़बर : अपना टिकट बनवाने की होड़)

पं0 अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ अब डाक-आवरण पर


आज़मगढ़ ने तमाम साहित्यिक विभूतियों को पल्लवित-पुष्पित किया है। इन्हीं में से एक प्रमुख नाम है- कवि सम्राट पंडित अयोध्या सिंह उपाध्याय 'हरिऔध' का। 'हरिऔध' जी की स्मृति में भारतीय डाक विभाग ने 2 मार्च, 2013 को "आजमगढ़ डाक टिकट प्रदर्शनी” (आजमपेक्स-2013) के दौरान एक विशेष डाक आवरण और विरूपण जारी किया। उत्तर प्रदेश परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल कर्नल कमलेश चन्द्र ने इलाहाबाद/गोरखपुर परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएँ एवं चर्चित साहित्यकार व ब्लागर कृष्ण कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित एक कार्यक्रम में इस विशेष डाक आवरण का विमोचन किया।
 

चीफ पोस्टमास्टर जनरल कर्नल कमलेश चन्द्र ने कहा कि पंडित अयोध्या सिंह उपाध्याय 'हरिऔध' जी द्वारा रचित खड़ी बोली के प्रथम महाकाव्य 'प्रिय प्रवास' का इस समय शताब्दी वर्ष भी मनाया जा रहा है, ऐसे में डाक विभाग द्वारा उन पर विशेष आवरण जारी किया जाना एक महत्वपूर्ण कदम माना जाना चाहिए।
 
 

चर्चित साहित्यकार एवं ब्लागर व सम्प्रति निदेशक डाक सेवाएँ कृष्ण कुमार यादव ने इस अवसर पर हरिऔध जी के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि हरिऔध जी ने गद्य और पद्य दोनों ही क्षेत्रों में हिंदी की सेवा की। वे द्विवेदी युग के प्रमुख कवि रहे है। उन्होंने सर्वप्रथम खड़ी बोली में काव्य-रचना करके यह सिद्ध कर दिया कि उसमें भी ब्रजभाषा के समान खड़ी बोली की कविता में भी सरसता और मधुरता आ सकती है।
 

श्री यादव ने कहा कि हरिऔध जी आधुनिक हिंदी खड़ी बोली के पितामह हैं। उन्होंने खड़ी बोली के प्रथम महाकाव्य 'प्रिय प्रवास' की रचना करके साहित्य-जगत में शीर्ष स्थान प्राप्त किया । आज भी हरिऔध जी का काव्य ग्रंथ 'प्रिय प्रवास' तथा 'वैदेही वनवास' हिंदी खड़ी भाषा के मील के पत्थर के रुप में स्वीकार किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि हरिऔध जी ने विविध विषयों पर काव्य रचना की है। यह उनकी विलक्षण विशेषता है कि उन्होंने राम-सीता, कृष्ण-राधा जैसे धार्मिक विषयों के साथ-साथ आधुनिक समस्याओं को भी अपनी रचनाओं में लिया है और उन पर नवीन ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए हैं। वास्तव में देखा जाये तो प्राचीन और आधुनिक भावों के मिश्रण से 'हरिऔध' जी के काव्य में एक अद्भुत चमत्कार उत्पन्न हो गया है।
 

कार्यक्रम में साहित्यकार डा0 कन्हैया सिंह ने हरिऔध जी के जीवन पर प्रकाश डा हुए कहा कि अयोध्यासिंह उपाध्याय 'हरिऔध' (15 अप्रैल, 1865-16 मार्च, 1947) हिन्दी के एक सुप्रसिद्ध साहित्यकार है। इनका जन्म उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले के निजामाबाद नामक स्थान में हुआ। सन 1889 में हरिऔध जी को सरकारी नौकरी मिल गई। वे कानूनगो हो गए। इस पद से सन 1932 में अवकाश ग्रहण करने के बाद हरिऔध जी ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में अवैतनिक शिक्षक के रूप से कई वर्षों तक अध्यापन कार्य किया। सन 1941 तक वे इसी पद पर कार्य करते रहे। उसके बाद यह निजामाबाद वापस चले आए। इस अध्यापन कार्य से मुक्त होने के बाद हरिऔध जी अपने गाँव में रह कर ही साहित्य-सेवा कार्य करते रहे। अपनी साहित्य-सेवा के कारण हरिऔध जी ने काफी ख़्याति अर्जित की। हिंदी साहित्य सम्मेलन ने उन्हें एक बार सम्मेलन का सभापति बनाया और विद्यावाचस्पति की उपाधि से सम्मानित किया। सन 1945 ई० में निजामाबाद में आपका देहावसान हो गया।
 

                  (अमर उजाला, 3 मार्च 2013 में प्रकाशित विस्तृत ख़बर)
 

( हिंदुस्तान 3 मार्च 2013 में प्रकाशित विस्तृत ख़बर : कवि सम्राट पर विशेष डाक आवरण जारी)

शनिवार, मार्च 02, 2013

आजमगढ़ डाक टिकट प्रदर्शनी 'आजमपेक्स-2013' : डाक टिकटों ने बयां की अपनी कहानी

हर डाक टिकट की अपनी एक कहानी है और इस कहानी को वर्तमान पीढ़ी के साथ जोड़ने की जरुरत है। इसी परंपरा में डाक विभाग द्वारा दो दिवसीय आजमगढ़ डाक टिकट प्रदर्शनी” (आजमपेक्स-2013) का उद्घाटन 2 मार्च 2013 को वेस्ली इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन द्वीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर, उ.प्र. परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल, कर्नल कमलेश चन्द्र द्वारा इलाहाबाद एवं गोरखपुर परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएँ कृष्ण कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित भव्य कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चियों द्वारा सरस्वती वंदना गाकर किया गया।
 
इस प्रदर्शनी में फिलेटलिस्टों द्वारा तमाम डाक टिकटों की प्रदर्शनी लगायी गयी। कुल 84 फ्रेमों में हजारों की संख्या में डाक-टिकट प्रदर्शित किए गये। इनमें डाक-टिकटों के माध्यम से सिनेमा के 100 वर्ष, भारत की महान नारी विभूतियाँ, राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी पर जारी डाक टिकट, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम पर जारी डाक टिकट, भारत के प्रिंस-स्टेट, विश्व के जंगी जहाज, विश्व की रेलवे प्रणालियाँ, क्वींस बैटन, इलाहाबाद से संबंधित विषयों पर जारी डाक-टिकटों से लेकर जैव विविधता, रोटरी, स्काउट एवं गाइड, रेड क्रास और एड्स, इत्यादि के विरूद्ध जागरूक करते तमाम रंग-बिरंगे डाक-टिकट प्रदर्शित किये गये। इनमें सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विदेशों द्वारा जारी दुर्लभ डाक-टिकट व डाक-स्टेशनरी भी शामिल थे। प्रदर्शनी में वरिष्ठ फिलेटलिस्टों के अलावा तमाम बच्चों ने भी अपने डाक-टिकटों का प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि आजमगढ़ में 9 वर्ष बाद इस तरह की प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूर्व वर्ष 2004 में डाक टिकट प्रदर्शनी आयोजित हुयी थी।
 
प्रदर्शनी के उद्घाटन पश्चात् आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उ.प्र. परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल, कर्नल कमलेश चन्द्र ने कहा कि डाक विभाग सुदूर एवं छोटे-छोटे शहरों में भी डाक-टिकटों के प्रति अभिरुचि पैदा करने हेतु डाक टिकट प्रदर्शनी आयोजित करता है, ताकि आम जन को इससे जोड़ा जा सके। उन्होंने आजमगढ़ की गौरवशाली परम्परा के प्रचार-प्रसार व इसे समृद्ध करने पर जोर दिया। इस कड़ी में डाक-टिकट प्रमुख भूमिका निभा सकते हैं। कर्नल कमलेश चन्द्र ने इस प्रकार की प्रदर्शनियों को नियमित अंतराल पर आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि अभिरुचि के रूप में फिलेटली का विकास हो सके।
 
इलाहाबाद परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवायें कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि सामान्यतः डाक टिकट एक छोटा सा कागज का टुकड़ा दिखता है, पर इसका महत्व और कीमत दोनों ही इससे काफी ज्यादा है । डाक टिकट वास्तव में एक नन्हा राजदूत है, जो विभिन्न देशों का भ्रमण करता है एवम् उन्हें अपनी सभ्यता, संस्कृति और विरासत से अवगत कराता है। निदेशक यादव ने कहा कि डाक टिकटों के द्वारा ज्ञान भी अर्जित किया जा सकता है। यह हमारी शिक्षा प्रणाली को और भी मजबूत बना सकते हैं।
 
इस अवसर पर बच्चों हेतु फिलेटलिक वर्कशाप व कला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने जहाँ डाक टिकट प्रदर्शनी का आनंद लिया, वहीं फिलेटलिक डिपाजिट एकाउण्ट भी खोले गये। देर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत संगीत.संध्या का भी लोगों ने लुत्फ उठाया।
 
 
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत प्रवर डाक अधीक्षक आजमगढ़ श्री वाई एन द्विवेदी एवं आभार ज्ञापन सहायक निदेशक त्रिवेणी प्रसाद ने किया। कार्यक्रम का संचालन एस एन मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सीनियर पोस्टमास्टर जी एन प्रसाद, राजेश यादव, साहित्यकार डा0 कन्हैया सिंह, जगदीश प्रसाद बर्नवाल 'कुंद' , डी एन लाल एवं जे एम सिन्हा, अनवर जमाल सहित डाक विभाग के तमाम अधिकारी, कर्मचारी, विद्वतजन, पत्रकार एवं फिलेटिलिस्ट इत्यादि उपस्थित थे।


                (दैनिक जागरण, 3 मार्च 2013 में प्रकाशित विस्तृत ख़बर)